अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बाल विवाह के खिलाफ उठी आवाज, बेटियों की शिक्षा और अधिकारों पर जोर
Triangle News
पढ़ाई छुड़ाकर शादी नहीं, बेटियों को अपने सपने पूरे करने दें; इनिशिएटिव फाउंडेशन इंडिया ने निकाली जागरूकता रैली
Triangle News Lucknow | रिपोर्ट: संजय मुखी
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर इनिशिएटिव फाउंडेशन इंडिया की ओर से काकोरी ब्लॉक के दसदोई स्थित पंचायत भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, समानता और अधिकारों पर चर्चा की गई। इसके बाद जागरूकता रैली निकालकर लोगों से बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर देने की अपील की गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कम उम्र में शादी और परिवार के दबाव में जबरन विवाह तय होने से लड़कियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। इससे उनके सपने अधूरे रह सकते हैं और आत्मनिर्भर बनने की राह में बाधाएं आती हैं। उन्होंने अपील की कि बेटियों की पढ़ाई छुड़ाकर शादी करने के बजाय उनकी शिक्षा और भविष्य को प्राथमिकता दी जाए।
बालिकाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना जरूरी

थाना काकोरी और मिशन शक्ति के प्रतिनिधि वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित चौधरी ने कहा कि लड़कियों को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि उत्पीड़न या भेदभाव की स्थिति में वे सहायता मांग सकें। उन्होंने बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता के महत्व पर जोर दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता शिवानी और शशि ने कहा कि प्रत्येक लड़की को शिक्षा पूरी करने, आत्मनिर्भर बनने और अपने भविष्य से जुड़े फैसलों में भागीदारी का अवसर मिलना चाहिए। परिवारों को बेटियों पर कम उम्र में शादी का दबाव बनाने के बजाय उन्हें अपने सपने पूरे करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास की अपील
इनिशिएटिव फाउंडेशन इंडिया के निदेशक अमित ने कहा कि बाल विवाह रोकने और बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए परिवार, समुदाय और संबंधित संस्थाओं को मिलकर प्रयास करने होंगे। प्रत्येक लड़की को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
वहीं, बालिका एवं सामुदायिक नेतृत्व से जुड़ी रानी और शालिनी ने कहा कि लड़कियों को अपनी बात रखने और महत्वपूर्ण फैसलों में भागीदारी का अवसर देना जरूरी है। उनकी इच्छाओं, विचारों और आकांक्षाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।

80 लड़कियों और महिलाओं ने लिया हिस्सा
जागरूकता रैली में टीम लीडर सृष्टि, मुस्कान, वर्तिका और आकांक्षा के साथ नेहा, सोनी, सालू, सानिया, शगुन, शिवानी, अनिता, माधुरी, वंदना, पूनम, कमलेशा, रेखा, कमेलश, चांदनी और सुनीता सहित लगभग 80 लड़कियों एवं महिलाओं ने भाग लिया।
रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने “बाल विवाह समाप्त करें, बालिकाओं के अधिकारों में निवेश करें” का संदेश दिया। कार्यक्रम के जरिए समाज को यह संदेश दिया गया कि बेटियों का भविष्य संवारने के लिए उन्हें शिक्षा, सुरक्षा, समानता और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर देना जरूरी है।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे।