मंगलवार, 3 नवम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

चंदौली में 60 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, पुलिस टीम को टक्कर मारकर भागने की कोशिश; 20 लाख रुपये कीमत की खेप बरामद

Triangle News

2 days ago 84 views
चंदौली में 60 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, पुलिस टीम को टक्कर मारकर भागने की कोशिश; 20 लाख रुपये कीमत की खेप बरामद

विशेष रिपोर्ट

अनुराग सिंह बिष्ट

उत्तर प्रदेश/वाराणसी/चंदौली। चंदौली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मारुति अर्टिगा कार से 60 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हमीदपुर पटनवा के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मिर्जापुर की ओर से आ रही सफेद रंग की मारुति अर्टिगा कार संख्या UP44BL9326 को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और तेजी से वाहन लेकर भागने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा करते हुए बाबतपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर कार को रोक लिया। पुलिस के अनुसार, वाहन रुकने के बाद उसमें सवार लोगों ने पुलिस की गाड़ियों में टक्कर मारने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए कार समेत तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

कार की डिक्की में स्टेपनी के नीचे छिपाया था गांजा

तलाशी के दौरान कार की डिक्की में स्टेपनी के नीचे छिपाकर रखे गए 60 बंडलों में कुल 60 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपियों के पास से एंड्रॉइड मोबाइल फोन और नकदी भी मिली। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति अर्टिगा कार को भी कब्जे में ले लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

1. अभिषेक सिंह पुत्र संजय सिंह, निवासी बहोरपुर, दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर, उम्र करीब 25 वर्ष।

2. अवधेश पुत्र सीताराम, निवासी सिरसिया, दुबौलिया, जनपद बस्ती, उम्र करीब 20 वर्ष।

3. नौशाद उर्फ नौसाद पुत्र अनवर अली, निवासी संग्रामपुर, छावनी, जनपद बस्ती, उम्र करीब 24 वर्ष।

ओडिशा से गांजा लाकर सुल्तानपुर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने का आरोप

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से सड़क मार्ग के जरिए गांजा लाते थे। इसके बाद इसे छोटे-छोटे पैकेटों में पैक कर सुल्तानपुर और आसपास के जनपदों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटा रही है।

अभिषेक सिंह का आपराधिक इतिहास

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अभिषेक सिंह के खिलाफ सुल्तानपुर जनपद के थाना करौंदीकलां में पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 के दो से अधिक मुकदमे तथा वर्ष 2022 में आयुध अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमा शामिल है।

एनडीपीएस एक्ट सहित धाराओं में मुकदमा दर्ज

इस मामले में थाना अलीनगर, जनपद चंदौली में मुकदमा संख्या 667/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट एवं 109(1) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई

इस कार्रवाई में थाना अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक अमित सेन सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे।

शेयर करें

जरूरी खबरें

विज्ञापन

Advertisement
Advertisement
Advertisement

संबंधित खबरें

471
पेज 78 / 79