बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 |

लखनऊ: कृष्णानगर में चोरी का खुलासा, 12 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार; डेढ़ लाख के जेवर और नकदी बरामद

Triangle News

1 day ago 103 views
लखनऊ: कृष्णानगर में चोरी का खुलासा, 12 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार; डेढ़ लाख के जेवर और नकदी बरामद

रिपोर्ट: राजेश सक्सेना | मान्या सक्सेना

लखनऊ |

लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में घर से आभूषण चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण और 520 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई है।

भाई के घर से चोरी का आरोप

पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, कनौसी, मानकनगर निवासी कुसुम राजपूत ने 26 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 अक्टूबर को उनके घर से आभूषण चोरी हो गए थे। इस संबंध में थाना कृष्णानगर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। पुलिस के अनुसार, तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से अमन राजपूत उर्फ भोला को 26 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया गया।

नशे की लत के कारण चोरी करने की बात कही: पुलिस

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह नशे का आदी है और पैसों की जरूरत के चलते उसने अपने भाई के घर से आभूषण चोरी किए थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी किए गए आभूषण बेचने की कोशिश में था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस द्वारा जारी विवरण के मुताबिक, आरोपी के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया गया:

- पीली धातु के दो झुमके

- सफेद धातु की एक जोड़ी पायल

- सफेद धातु का एक सिक्का

- 520 रुपये नकद

पुलिस ने बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई है।

आरोपी का विवरण

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन राजपूत उर्फ भोला, पुत्र हीरा लाल, निवासी कनौसी, थाना कृष्णानगर, लखनऊ, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस प्रेस नोट में आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2021 का एक अन्य आपराधिक मुकदमा भी दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

367
पेज 12 / 62